संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में डेंगू के सोमवार को तीन नए मामले सामने आने से डेंगू पॉजिटिव केसों की संख्या अब 11 हो गई है। डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पिछले दो महीनों से विभिन्न क्षेत्रों में टीमें भेजकर जागरूक किया जा रहा है।
सोमवार को आए तीन नए डेंगू मामलों में दो केस धार रोड स्थित वीनस चौक और एक रामनगर का है। गौरतलब है कि अब तक पांच मामले ग्रामीण क्षेत्रों और छह शहर के विभिन्न वार्डों से आ चुके हैं। एक साथ डेंगू पॉजिटिव तीन मामले सामने आने के बाद विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि विभाग की टीम द्वारा जिन क्षेत्रों से पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं उन क्षेत्रों में जाकर फॉगिंग करने के साथ ही लोगों को सावधानियां बरतने की सलाह दे रही हैं। अब तक गरनई, गढ़ी, टी मोड़, शिव नगर, तनाल, रामनगर, वीनस चौक से डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं।
कोट..
जहां डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं वहां विभाग की ओर से फॉगिंग कराई जा रही है। डेंगू से बचने के लिए सावधानियां भी बताई जा रही हैं। पहले आठ मामले मिले थे। आज तीन नए केस आए हैं। जिले में डेंगू पॉजिटिव मामलों की संख्या 11 हो गई है।
-जोगिंद्र सिंह, डीएमओ, स्वास्थ्य विभाग