संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पंचायत मुत्तल के दुखड़ा पुल के नीचे दो दिन पहले मिली एक महिला की सिर कटी लाश के मामले में अब तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
पुलिस की ओर से महिला की हत्या कैसी हुई औरर उसकी पहचान को लेकर जांच जारी है लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस की ओर से बनाई गईं चार टीमें अलग अलग पहलू से मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस ने महिला की सिर कटे शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी उधमपुर के शवगृह में रखवाया है।
हालांकि अभी तक न तो महिला की पहचान हो पाई है और न ही पोस्टमार्टम हुआ है क्योंकि पुलिस द्वारा 72 घंटे तक कानूनी तौर पर पहचान के लिए शव रखना पड़ता है। मंगलवार को 72 घंटे का समय पूरा हो जाएगा। महिला का सिर न होने के चलते उसकी पहचान कराने में पुलिस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि पुलिस की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। एसएसपी खुद इस मामले की जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस की ओर से इस बारे में भी जांच की जा रही है कि महिला का सिर काट कर हत्या की गई है या फिर कोई जानवर तो सिर नहीं खा गया। दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इस संबंध में पुलिस स्टेशन रैंबल में मामला दर्ज किया गया है।