दो करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सड़क के जुलाई तक पूरा होने का लक्ष्य
एक दर्ज पंचायतों की 40 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। लोक निर्माण विभाग की ओर से दो करोड़ की लागत से डबरेह-कैंथगली डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का काम जोरशोर से जारी है। सड़क के बनने से उधमपुर से कैंथगली, पंचैरी और मौंगरी की ओर जाने वाले लोगों को 7 से 8 किलोमीटर कम सफर करना पड़ेगा। वहीं, करीब 40 हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।
इस मार्ग के बन जाने से उधमपुर के लोगों को भी लाभ मिलेगा। मौजूदा समय में लोगों को उधमपुर से पंचैरी, कैंथगली, मौंगरी, और लांदर की ओर जाने के लिए बिरमा पुल से होते हुए सप्लाई मोड़ हो कर जाना पड़ता है। उधमपुर से आइस फैक्टरी से इस सड़क का निर्माण कार्य गत दिसंबर माह के अंत से शुरू हुआ था। सड़क का निर्माण चखड़, तिरछी, गंडाला और संबल से होते हुए डबरेह से कैंथगली तक किया जाएगा। सड़क निर्माण से लोगों में खुशी की लहर है। उनका कहना है कि यह काफी पुरानी मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है। चखड़, तिरछी, गंडाला, संबल क्षेत्र के लोगों को पंचैरी, कैंथगली, मौंगरी, लांदर जाने के लिए पहले उधमपुर से बस लेनी पड़ती है। इससे काफी समय सहित आर्थिक नुकसान होता है। सड़क बनने से काफी लाभ मिलेगा।
दो करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण हो रहा है। इसमें पुल भी बनाए जाएंगे। सड़क को एक साल के अंदर तैयार करने का लक्ष्य है। इसके लिए दिन रात काम करवाया जाएगा। सड़क बनने से कई पंचायतों के लोगों के साथ ही उधमपुर शहर के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
- सरवर महमूद, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग