शहर में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती, हवन के बाद हुआ भंडारे का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। नगर के न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित श्री संकट मोचन कारगिल हनुमान मंदिर में मंगलवार को धार्मिक उल्लास के साथ हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर सुबह सबसे पहले भगवान हनुमान का अभिषेक किया गया और बाद में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके बाद हवन यज्ञ करने के साथ ही कन्या पूजन किया गया। दोपहर एक बजे के बाद भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसमें काफी संख्या में उधमपुर व इसके आसपास के इलाके से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस मौके मंदिर को भी विशेष तौर पर सजाया गया था। जहां सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सभी भक्तों ने बारी-बारी से मंदिर में भगवान हनुमान के समक्ष शीश नवाया और अपने परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद काफी संख्या में भक्तों ने मंदिर परिसर में आयोजित हवन यज्ञ के कार्यक्रम में भाग लिया और अपने परिवार व समाज के कल्याण की कामना से हवन कुंड की अग्नि में आहुतियां डालीं। इस दौरान महिला श्रद्धालुओं की तरफ से भजन कीर्तन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
मंदिर के महंत राधे दास त्यागी ने सभी को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंदिर में हर साल समस्त शहरवासियों के सहयोग से धूमधाम के साथ भगवान हनुमान जी का जन्म दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर भगवान हनुमान जी के अभिषेक के उपरांत हवन, यज्ञ जैसे धार्मिक अनुष्ठान पूरे करने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें काफी संख्या में दूर दूर से आए श्रद्धालु भाग लेते हैं। इस साल भी इस मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें काफी संख्या में नगरवासियों ने अपने बच्चों सहित भाग लेकर भगवान हनुमान से बल, बुद्धि व विद्या का आशीर्वाद प्राप्त किया।