चकवा में बादल फटने के बाद मलबा हटाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
बादल फटने के बाद आई बाढ़ की चपेट में 1903 परिवार आए हैं। जिला प्रशासन ने त्वरित रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेकर तैयार की गई रिपोर्ट में इस आशय की पुष्टि की है।
इस बीच उधमपुर जिला प्रशासन को फोन के माध्यम से सूचित कर स्थानीय सांसद और पीएमओ में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने सांसद निधि से बाढ़ प्रभावितों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
जिला उपायुक्त की हिदायत पर एसडीएम चिनैनी देविंदर शर्मा की अध्यक्षता वाली टीम ने अंतर विभागीय कसरत के बाद बाढ़ के नुक्सान का आंकलन किया है। रिपोर्ट के अनुसार उधमपुर जिले के 1903 परिवार इसमें प्रभावित हुए हैं जिनमें से 1891 परिवार चिनैनी सब डिविजन से हैं।
410 हेक्टेयर भूमि पर फसल पूरी तरह से चौपट हो गई है। कुल नुक्सान 34.66 लाख का आंका गया है जिसमें छह घर क्षतिग्रस्त होने की वजह से 3.44 लाख का नुक्सान हुआ है। माल मवेशी मारे जाने की वजह से विभिन्न परिवारों को कुल 3.34 लाख का नुक्सान हुआ है। वहीं फसल चौपट होने से 27.88 लाख रूपए का नुक्सान आंका गया है।
जिला उपायुक्त उधमपुर शाहिद इकबाल चौधरी ने कहा चिनैनी, कुद, मादा, बट्टल बालियां, लड्डन में बिजली ढांचे को पहुंचे नुक्सान की त्वरित रूप से भरपाई के लिए निर्देश जारी किए। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों को चुस्ती से काम करने की हिदायत दी। उन्हाेंने कहा रिलीफ सेल स्थापित कर प्रभावितों को ई-पेमेंट सिस्टम के तहत राहत राशि वितरित
की जाएगी।