उधमपुर में एआरटीओ की कुर्सी के लिए दो अधिकारियों में ठन गई है। एक कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं आैर दूसरा कुर्सी देने को तैयार नहीं। नतीजा यह कि दोनों एआरटीओ एक ही कार्यालय में पहुंच रहे हैं।
यह जिले में चर्चा का विषय बना गया है। हुआ यूं कि उधमपुर के एआरटीओ एन शर्मा का तबादला रामबन हो गया। उनकी जगह पर रमेश कुमार को भेजा गया। शर्मा का अभी इस पद पर छह महीने ही हुए थे।
इस आधार पर हाईकोर्ट ने उनके तबादले पर रोक लगा दी। शनिवार को हाईकोर्ट के आदेश पर एन शर्मा अपने पुराने कार्यालय उधमपुर में ड्यूटी पर पहुंच गए। इस बीच सरकार के आदेश के मुताबिक रमेश कुमार भी उधमपुर में पहुंच कर कुर्सी जमा दिए।
एन शर्मा ने बताया कि हाईकोर्ट के स्थगन आदेश्ा के बाद भी नए एआरटीओ ने कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि वह कोर्ट के आदेश के मुताबिक अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नए एआरटीओ को चार्ज भी नहीं दिया है। बिना चार्ज के नए एआरटीओ कार्यालय में मौजूद हैं।
दूसरी तरफ नए एआरटीओ रमेश कुमार के अनुसार उनका तबादला हुआ है और वह सरकार का आदेश मानते हैं। इसलिए वह भी कुर्सी पर हैं। पुराने आरटीओ ने चार्ज नहीं दिया है।