जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत नाशरी इलाके में मंगलवार की सुबह मुर्गों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया फिर वह खाई में जा गिरा।
इस हादसे में ट्रक के चालक की मौत हो गई और सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक मुर्गों से लदा ट्रक संख्या जेके18-9699 श्रीनगर की ओर जा रहा था। नाशरी इलाके में पहुंचने पर ट्रक बेकाबू होकर पहले सड़क पर ही पलट गया।
उसके बाद फिर वह फिसल कर करीब 600 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में चालक कुलगाम निवासी अब्दुल अजीज ने मौके पर ही दम तो दिया। जबकि सह चालक तजमल गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी कुलगाम का ही रहना वाला है। आसपास के लोगों और चंद्रकोट पुलिस ने दोनों को खाई से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया।
सह चालक को प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत में श्रीनगर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इस घटना में सौ से ज्यादा मुर्गों की भी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चंद्रकोट थाने में मामला दर्ज कर लिया है।