उधमपुर में सिविल डिफेंस के प्रशिक्षण शिविर के समापन पर संबोधित करती डीसी उधमपुर व मौजूद विद्यार?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नगर के प्रशांत पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में जारी नागरिक सुरक्षा के पांच दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया। इस अवसर पर जिला विकास आयुक्त इंदु कंवल चिब मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंतिम दिन नागरिक सुरक्षा और एसडीआरएफ टीम ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक आपदा, बाढ़ और आगजनी जैसी घटनाओं के दौरान खुद को और दूसरों की मदद करने के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान आपदा से निपटने के तरीकों को लेकर विशेष प्रदर्शन कर भी दिखाया गया। जिला विकास आयुक्त ने कहा कि मौजूदा समय में लोगों का एक दूसरे की सहायता करना बड़ी जिम्मेदारी है। हर किसी को इसके लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा शिविर में लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान होने वाले जानमाल के नुकसान को कम करने और अपनी जान बचाते हुए दूसरों की मदद करने के तौर तरीकों के बारे में जानकारी दी जाती है। इसका मकसद ही यही है कि लोग ऐसे हादसों के दौरान बेहद पेशेवर तरीके से एक दूसरे की मदद करें, ताकि जानमाल का कम से कम नुकसान हो सके। इसलिए हर किसी को इसका प्रशिक्षण लेना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि कोविड के दौरान नागरिक सुरक्षा के ज्यादा शिविर आयोजित नहीं किए जा सके। लेकिन, अब कोरोना का असर कम होने के बाद फिर से जगह-जगह इस तरह के शिविर लगाकर लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसडीआरएफ भी लगातार काम कर रही है। युवा स्वयंसेवकों के साथ आम लोगों को भी प्रशिक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर नागरिक सुरक्षा के डीएसपी विद्या सागर, चीफ वार्डन स्वतंत्र देव कोतवाल व अन्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उधमपुर में सिविल डिफेंस के प्रशिक्षण शिविर के समापन पर संबोधित करती डीसी उधमपुर व मौजूद विद्यार?- फोटो : UDHAMPUR