- विद्यार्थियों, कामगारों सहित राहगीरों को परेशानी का करना पड़ रहा सामना
उधमपुर। शहर के एमएच चौक पर बढ़ती यातायात समस्या से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम हो चुके जाम से कामगारों के साथ-साथ विद्यार्थियों को दिक्कतें आ रही हैं। पिछले वर्ष ही पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर पालन नहीं करवाया गया।
विभागीय टीम ने जम्मू रूट पर चलने वाली बसों के चालकों को एक समय पर एक ही बस खड़ी करने के लिए कहा था। इसी तरह डोडा और रामबन जाने वाली बसों को अधिक देर तक चौक पर न रोकने और टैक्सी चालकों को निर्धारित स्टैंड पर वाहन खड़े करने को हिदायत दी गई। इसका उद्देश्य भीड़ को कम करना और जाम की स्थिति को नियंत्रित करना था। आदेश के बावजूद चौक पर एक समय में दो-दो बसें खड़ी हो रही हैं। इतना ही नहीं, बनिहाल, किश्तवाड़, रामबन, भद्रवाह, डोडा और रामबन रूट पर चलने वाली बसें भी लंबे समय तक चौक पर सवारियां उठा रही हैं। यातायात अव्यवस्था के कारण सड़क संकरी हो रही है और बार-बार जाम लगने से लोग परेशान हैं। ॉ
स्थिति खासकर सुबह और गंभीर हो जाती है। दफ्तर जाने वाले लोगों को देरी का सामना करना पड़ता है। जबकि बच्चों को भी समय पर स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है। कई बार अभिभावक बच्चों को जाम से निकालने को मजबूर होते हैं। हालांकि चौक पर ट्रैफिक पुलिस व सीआरपीएफ की तैनाती है। इसके बावजूद बस चालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे। स्थानीय निवासी दीपक कुमार, सुनील शर्मा, राकेश गुप्ता और विपिन सिंह ने प्रशासन से समस्या को गंभीरता से लेते हुए नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।