- विशेष केंद्र 57-ए में पेपर देगा एक स्पेशल चाइल्ड, भीड़भाड़ पर रहेगा प्रतिबंध
उधमपुर। जम्मू और कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 73 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासन की ओर से स्कूल प्रबंधन व पुलिस प्रशासन को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिसूचना के अनुसार उधमपुर में 36, मजालता में 10 और रामनगर में 27 केंद्र स्थापित किए गए। एक स्पेशल चाइल्ड के लिए विशेष केंद्र 57-ए बनाया गया है। छात्रा बीमार होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं। इसलिए बोर्ड ने मानवीय पहल करते हुए अलग केंद्र की व्यवस्था की है, ताकि वह बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सके। जिले में स्थापित सभी केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ पर प्रतिबंध लगाया गया है। उधमपुर ब्लॉक में ही 3,414 छात्र परीक्षा देंगे।
विभाग के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। परीक्षाएं 10 मार्च तक चलेंगी। पहली परीक्षा गणित विषय की है। परीक्षार्थियों को हर परीक्षा के बाद दो से तीन दिन का समय दिया गया है, ताकि अगली परीक्षा की अच्छी तरह से तैयारी कर सकें। शिक्षा विभाग और प्रशासन ने परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
ऐसे रहे तनावमुक्त
बालिका उच्च विद्यालय में शुक्रवार को नारायणा अस्पताल से मनोचिकित्सक डॉ. अनुज प्रियदर्शी शर्मा को आमंत्रित किया गया। सुबह आयोजित सत्र में डॉ. अनुज ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का दबाव न लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब भी घबराहट महसूस हो तो थोड़ी देर टहलें, हल्का व्यायाम करें या संगीत सुनें, परिवार से बातचीत करें। इससे मन शांत रहता है। प्रधानाचार्य पवन सलाथिया द्वारा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र करवाए गए। छात्रों को समझाया गया कि प्रश्नपत्र निर्धारित सिलेबस से ही आएगा, इसलिए तनाव में आने की आवश्यकता नहीं है। सिलेबस का नियमित पुनरावलोकन करें, पर्याप्त आराम लें और परीक्षा के बाद परिवार से खुलकर बातचीत करें।