रामबन के नील सड़क पर बुधवार की शाम को बजरी लदा एक टिप्पर असंतुलित होकर करीब पांच सौ फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में टिप्पर में सवार एक पुलिस कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल चालक अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार टिपर (जेके19-2734) बजरी लेकर रामसू से हालुवगन जा रहा था। तभी नील सड़क पर तीसरे किलोमीटर में एक मोड़ पर ड्राइवर से टिप्पर असंतुलित हो गया और वह देखते ही देखते 500 फीट नीचे एक पीसी सड़क पर गिर गया।
इस हादसे में उस पर सवार पुलिसकर्मी सज्जाद अहमद डींग निवासी दलैं मगरकोट की मौके पर ही मौत हो गई और टिप्पर का चालक हयात अहमद निवासी नील बानिहाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत से मलबे और पिसी से बाहर निकालकर घायल चालक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे क्षेत्र में मात छा गया।
छुट्टी पर घर आया था पुलिसकर्मी
बताया जाता है कि हादसे में मारा गया पुलिस कर्मी सज्जाद अहमद छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। मगरकोट से अपने घर दलैं जाने के लिए वह दुर्भाग्यवश इस टिप्पर में ही सवार हो गया था। अपने घर पहुंचने से करीब आधे किलोमीटर पहले ही वह मौत के मुंह में समा गया।