कटड़ा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटड़ा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए शुक्रवार को आने पर पूरे कटड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने चप्पे-चप्पे पर निगरानी कड़ी कर दी है। हर व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है, बिना वैध पहचान और जांच के किसी को भी संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।
इस ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही कन्याकुमारी से कश्मीर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का सरकारी सपना साकार होता नजर आ रहा है। यह अत्याधुनिक ट्रेन यात्रियों को तीव्र गति और उच्च सुविधाओं के साथ कश्मीर की हसीन वादियों तक पहुंचाएगी। परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय व्यवसायियों, होटल संचालकों और तीर्थयात्रियों के लिए यह सेवा विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।
कटड़ा और जम्मू-कश्मीर के निवासियों में इस ऐतिहासिक घटना को लेकर गहरा उत्साह है। वर्षों से देखे गए रेल संपर्क के सपने के साकार होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम केवल एक ट्रेन का संचालन नहीं, बल्कि देश की एकता और विकास की नई गति का प्रतीक है। कार्यक्रम के बाद उनके संबोधन में कश्मीर के नए युग की शुरुआत और बुनियादी ढांचे की क्रांतिकारी प्रगति पर प्रकाश डाला जाएगा।