संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। थाना रैहम्बल के फ्लाटा नाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस ने बुधवार को एक वाहन के माध्यम से गोवंश तस्करी के प्रयास को विफल कर आठ गोवंश को मुक्त कराया है। तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया गया, जबकि आरोपी चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक थाना रैहम्बल की पुलिस टीम ने एसएचओ के नेतृत्व में फ्लाटा नाका प्वाइंट पर एक वाहन (जेके14ई-8153) को रुकने का संकेत दिया। इस पर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। जांच करने पर वाहन के अंदर क्रूरतापूर्वक बंधे हुए आठ गोवंश मिले। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी गोवंश को मुक्त करवाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस संबंध में थाना रैहम्बल में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।