अब तक चोरी के किसी मामले का खुलासा नहीं होने से चोरों का हौसला बढ़ रहा है। चोरों ने अब नगर में बिजली के ट्रांसफार्मर से तेल चुरा लिया, इससे तीन वार्डों की बिजली गुल हो गई।
इसके अलावा एक दूसरे मामले में घर के बाहर खड़े टाटा मोबाइल लोड कैरियर को भी चोर ले उड़े। पिछले दिनों भी दो वाहनों की चोरी हुई थी। जानकारी के अनुसार शहर के बीचोबीच पिट्टनबढ़, शिव नगर और ओमाड़ा मोड़ क्षेत्र में बिजली गुल हो गई।
दो दिन से बिजली बंद होने के कारण जब लोगों ने रोष जताया तो विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के ट्रांसफार्मर से किसी ने तेल चोरी कर लिया है। इसका पता लोगों के रोष के बाद की गई जांच में चला। बुधवार से बिजली गुल है।
लोगों को रात को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। वीरवार की सुबह तक बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई थी। फिर से विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया।
विभाग के एईई सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर से देर रात तेल चोरी होने की वजह से इलाके में बिजली गुल हुई है। वीरवार को विभाग के कर्मी ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इलाके में फिर से बिजली सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।
विभाग ने ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की शिकायत भी पुलिस का कर दी गई है। वहीं, अप्पर संगूर क्षेेत्र से टाटा मोबाइल गाड़ी चोरी हो गई। गाड़ी को घर के बाहर चालक किशन लाल ने खड़ा किया था।
सुबह मालिक कौशल्या देवी गाड़ी को देखने आई तो गाड़ी वहां से गायब थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है तथा गाड़ी की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है।