उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील के तीन गांव को पर्यटन गांव घोषित किए जाने के बाद पर्यटकों को आकर्षित करने की मुहिम तेज हो गई है। 11 अक्तूबर को इसका उद्घाटन प्रस्तावित है। सोमवार को डीसी इंदु कंवल चिब पंचैरी का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने डीडीसी सदस्य जसवीर सिंह, बीडीसी जीवन शर्मा और ग्रामीणों के साथ मुलाकात कर जानकारी हासिल की।
केंद्रीय मंत्री के दौरे के बाद पंचैरी के तीन गांव को पर्यटन गांव घोषित किया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर गांव को विकसित करने का काम शुरू कर दिया था। सबसे पहले पंचैरी पहुंचने वाले पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था की जाने लगी। निर्णय लिया गया है कि पर्यटक स्थानीय निवासियों के घरों में ही ठहरेंगे। इसके लिए प्रशासन की तरफ से एक रेट निर्धारित किया जाएगा। इसी घर में पर्यटकों को खाने की भी सुविधा दी जाएगी। यूथ क्लब के सदस्यों को ही टूरिस्ट गाइड के रूप में तैयार किया जाएगा।
मौजूदा समय में इन सदस्यों को टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण देकर तैयार किया जा रहा है। गांव की सजावट का काम किया जा रहा है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी इंदु कंवल चिब सोमवार को पंचैरी पहुंची और तैयारियों का निरीक्षण किया। पर्यटकों के लिए कलाकारों की तरफ से पेश किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम देखे। डीसी ने तैयारियों को लेकर संतुष्टी जताई है। उन्होंने कहा कि यह सब पंचायती राज के कारण ही संभव हो पा रहा है। सारा काम पंचायत प्रतिनिधि ही कर रहे हैं। प्रशासन केवल इनकी मदद कर रहा है। उनकी सभी से अपील है कि वैक्सीन जरूर लगवाएं, ताकि आने वाले पर्यटक पंचैरी से कोरोना लेकर न लौटे।