धर्मनगरी कटड़ा की म्युनिसिपल कमेटी में कार्य करने वाले अस्थायी कर्मचारियों को 27 महीनों से वेतन जारी नहीं किए जाने से सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा।
इन कर्मचारियों ने म्यूनिसिपल कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप था कि अधिकारी लगातार आश्वासन देकर पल्ला झाड़ते रहे हैं, लेकिन इस अन्याय को अब वह किसी हाल में सहन नहीं करेंगे।
सोमवार की सुबह करीब ग्यारह बजे बड़ी संख्या में अस्थाई कर्मचारी म्युनिसिपल कार्यालय के बाहर एकत्रित हो गए तथा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। कर्मचारियों का कहना था एक ओर उन्हें पिछले 27 महीनों से वेतन जारी नहीं किया गया है।
वहीं दूसरी ओर कई ऐसे कर्मचारी हैं, जिन्हें यहां पर काम करते दस वर्ष से भी अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन उन्हें कांट्रैक्चुअल किए जाने के आश्वासन के प्रति भी संबंधित अधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं।
उनका यह भी आरोप था कि अधिकारियों ने अपने चहेतों को कुछ ही महीने में कांटैक्चुअल कर दिया, परंतु आम आदमी के प्रति आंखें मूंदे रखी। मामला गंभीर होता देख म्युनिसिपल कमेटी के ईओ चुन्नी लाल ने कहा कि सभी कर्मियों को वेतन जारी करने का सिलसिला एक हफ्ते में शुरू कर दिया जाएगा।
इस आश्वासन के बाद कर्मियों ने अपना प्रदर्शन बंद किया। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि अगर यह आश्वासन झूठा निकला तो एक फरवरी से सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे।