हाईवे मरम्मत और अन्य कामों में देरी पर रोष जताते हुए पैंथर्स पार्टी ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय के बाहर ग्रेफ विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पार्टी के महासचिव जगदेव सिंह जग्गा कर रहे थे।
जग्गा की अगुवाई में मजदूरों ने एडीसी को एक ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रेफ विभाग द्वारा जो मजदूर लगाए गए थे, उनको बिना नोटिस दिए ही निकाल दिया गया है। यह मजदूर पिछले पंद्रह वर्षों से मजदूरी का काम कर रहे हैं।
2014-15 का इन्हें बोनस भी नहीं दिया गया है। इनका पिछले साल चार सौ रुपये वेतन बढ़ा था, वह भी इन्हें नहीं दिया। उन्होंने बताया कि इनके मेडिकल अलाउंस के पैसे भी काटे जाते थे, वो भी इन्हें मुहैया नहीं करवाए गए और अब इनको निकाल दिया है।
जग्गा ने एडिशनल डीसी को ज्ञापन सौंपते हुए उनसे आग्रह किया कि ग्रेफ विभाग से इन्हें वेतन और भत्ता दिलाया जाए, जो राष्ट्रीय राजमार्ग का काम गैमन कंपनी कर रही है, उनमें इनकी सीधी भर्ती की जाए, अन्यथा वे लोग सड़कों पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। वहीं इस प्रदर्शन में बलदेव सिंह, शंकर सिंह, संजीव, मक्खन, कालू, राम कुमार आदि मौजूद थे।