अव्यवस्थित यातायात के कारण बुधवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह दिन भर जाम लगा रहा। उधमपुर, चिनैनी, रामबन और कई अन्य इलाकों में यात्री हलकान रहे। यह समस्या सरकारी निर्देश के विपरीत दोतरफा वाहनों को छोड़ने के कारण आई।
गौरतलब है कि कहर बरपाने वाली बारिश के बाद से ही राजमार्ग क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। राजमार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसी कारण दोनों तरफ से जब वाहन हाईवे पर गुजरते हैं तो जाम की स्थिति बन जाती है।
बुधवार को भी दिन में कई बार शहर में जाम की स्थिति सामने आई। यात्री वाहन देरी से पहुंच रहे हैं। स्कूल कालेज के विद्यार्थियों को भी हर रोज देरी से पहुंचना पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि अगर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने कोई जरूरी कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में परेशानी दोगुनी हो जाएगी।
वहीं रामबन जिले के गांगरू में अभी भी सिंगल लेन होने के कारण जाम की स्थिति गंभीर बनी रही। दरअसल, ट्रैफिक विभाग ने यातायात दोनों तरफ से खोल दिया। जबकि सरकारी ऐलान के मुताबिक बुधवार को केवल जम्मू से श्रीनगर की ओर ही गाड़ियों को जाने की अनुमति थी।
खास कर बड़ी गाड़ियों को हाईवे से गुजरने पर रोक लगाई गई थी, लेकिन बड़ी वाहनों की लंबी कतार हाईवे पर देखने को मिली। इसके कारण रामबन और बनिहाल के बीच एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर पस्सियों को हटाकर अभी केवल सिंगल लेन मार्ग ही खोला गया है।