उधमपुर। कोरोना से राहत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का आयोजन किया है। इन शिविरों में विद्यार्थियों को खेल-खेल में पढ़ना सिखाया जा रहा है। विभाग ने इसके लिए विशेष शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर नियुक्त किया है।
मौजूदा समय में जिले के समर जोन के सरकारी व निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। वहीं, पहली बार शिक्षा विभाग ने जिले के सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन शिविरों का आयोजन किया है। उधमपुर में 110 सरकारी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन शिविर चल रहे हैं। प्रत्येक शिक्षा जोन में 10 स्कूलों को ग्रीष्मकालीन शिविर के आयोजन के लिए चुना गया है। इनमें चौथी से छठी कक्षा तक के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इन स्कूलों में प्रतिदिन सुबह से दोपहर तक कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों को खेल से हिंदी, उर्दू और गणित का ज्ञान दिया जा रहा है। प्रत्येक स्कूल में शिविर के आयोजन के लिए चार शिक्षकों को नियुक्त किया गया है। विद्यार्थियों को खेल के साथ कविता, नारे, लेखन, चित्रकारी, निबंध लेखन, आदि प्रतियोगिताओं के जरिये हिंदी, उर्दू व गणित सिखाया जा रहा है।
विद्यार्थी भी उत्साह के साथ इनमें हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि, स्कूलों में सभी बच्चे नहीं पहुंच रहे। लेकिन, जो भी हिस्सा ले रहे हैं, उनकी पढ़ाई में सुधार हो रहा है। सुरेंद्र शर्मा, विजय कुमार व अन्य शिक्षकों ने बताया कि भविष्य में विद्यार्थियों को इसका बहुत लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को जो चीजें कक्षा में समझ नहीं आतीं, वे खेल व अन्य गतिविधियों से इन्हें आसानी से समझ सकते हैं। जोनल एजूकेशन प्लानिंग अफसर मजालता अश्विनी कुमार ने स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।
उधमपुर: समर कैंप में बच्चों को अलग-अलग एक्टिविटी करवाते हुए टीचर.- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर: समर कैंप में बच्चों को अलग-अलग एक्टिविटी करवाते हुए टीचर.- फोटो : UDHAMPUR