उधमपुर। केंद्र सरकार की मोनेटाइजेशन पालिसी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने धार रोड पर केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की इस पालिसी से देश संपत्तियों को बेचने का काम किया जा रहा है। देश को गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। केंद्र सरकार अपनी गलतियों को सुधारने के बजाए और भी गलतियां करती जा रही है। कांग्रेस इसका सड़कों पर उतर कर लगातार विरोध करती रहेगी।
मंगलवार दोपहर को यूथ कांग्रेस के जिला उप प्रधान तीर्थ शर्मा की नेतृत्व में यूथ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। तीर्थ शर्मा ने कहा कि सरकार ने इस पॉलिसी के तहत धीरे-धीरे देश की संपत्ति अपने चहेतों को बेचने का काम शुरू कर दिया है, जिसका कड़ा विरोध करते हैं। क्योंकि यह देश की संपत्ति है न कि भाजपा की। यह सरकार हमेशा कहती है कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में क्या किया। यह कांग्रेस थी जिसने 70 वर्षों में देश को ताकतवर देशों के साथ बराबर खड़ा किया और इस मोदी सरकार ने सात वर्षों में ही सरकारी संपत्तियां, उसमें बीएसएनल हो, एयर इंडिया, रेलवे, एलआईसी व यहां तक सरकारी इमारतों को भी निजी हाथों में देने का काम किया है। इसके विरोध में प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रत्येक जिले में इस पॉलिसी के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। मांग करते हैं कि सरकार मनमाने फैसले लेना बंद करें नहीं तो यूथ कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएगी। इसके साथ सरकार की तरफ से महंगाई को भी कम करने का प्रयास किया जाए, क्योंकि मौजूदा समय में महंगाई ने गरीब व मध्यम वर्गीय परिवार की कमर तोड़ कर रख दी है। इस मौके पर उमेश दीप, आशीष रैना, विक्रम, अजय कुमार ,मोहम्मद सुल्तान, अक्षय कुमार, रोहित, विक्रम जमवाल व अन्य मौजूद थे।