रियासी। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा जाएंगी। जम्मू-कश्मीर मेडिकल एंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले स्वास्थ्य कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर जाएंगे। इसके साथ ही एनएचएम कर्मी अलग से दो दिन की हड़ताल पर रहेंगे। इसका गंभीर असर जिला अस्पताल के अलावा पौनी, माहौर व कटड़ा में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर दिखेगा।
मंगलवार को फेडरेशन के सदस्यों ने तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने का ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशरफ कोली को सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि हड़ताल के दौरान कोई भी काम नहीं होगा। हालांकि आपातकाल सेवाएं जारी रहेंगी। इस दौरान धरना भी दिया जाएगा। उधर नेशनल हेल्थ मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने भी दो दिन की हड़ताल का एलान किया है और विभाग के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा दिया है। ऐसे में मरीजों के साथ-साथ तीमारदारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।