कटड़ा। ऑटो यूनियन के चुनाव किसी कारणवश नहीं हो सके। ऐसे में मंगलवार को ऑटो चालकों के बीच असमंजस और अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। मामले को सुलझाने के लिए बड़ी संख्या में ऑटो चालक तहसीलदार कार्यालय पहुंचेजिसके बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप कर अस्थायी टीम गठित कर दी।
तहसीलदार को सौंपे गए मांग पत्र में ऑटो चालकों ने कहा कि चुनाव न होने के कारण ऑटो स्टैंड पर कार्यरत लोगों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है। चालकों का तर्क था कि बिना किसी आधिकारिक प्रतिनिधि या कमेटी के स्टैंड की व्यवस्था चरमरा रही है। इसका सीधा असर मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं पर पड़ रहा है। यात्रियों को न केवल सही ऑटो चुनने में दिक्कत आ रही है बल्कि उचित किराया व्यवस्था को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी रहती है।
समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने मौके पर ही समाधान निकाला। उन्होंने चालकों से चर्चा के बाद कुछ जिम्मेदार युवकों के नामों को चिन्हित किया। तहसीलदार ने इन युवकों की एक अस्थायी सूची तैयार करवाई और उन्हें तब तक के लिए स्टैंड की व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी जब तक कि यूनियन के औपचारिक चुनाव संपन्न नहीं हो जाते।
जल्द चुनाव कराने की मांग
प्रशासन के त्वरित निर्णय का ऑटो चालकों ने स्वागत किया है। चालकों का मानना है कि इस अस्थायी व्यवस्था से न केवल उनका रोजगार सुचारु रूप से चलेगा बल्कि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को आवाजाही में होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी। हालांकि चालकों ने प्रशासन से यह अपील भी की है कि चुनावी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि निर्वाचित और स्थायी यूनियन कार्यभार संभाल सके।