-जोनल स्तरीय इंटर स्कूल प्रतियोगिता : बैडमिंटन, शतरंज व क्रिकेट में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चिनैनी । कस्बे के हायर सेकेंडरी स्कूल की ग्राउंड में युवा खेल विभाग की ओर से अंडर 14 और अंडर 17 लड़कों की खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन निदेशक युवा खेल राजेंद्र सिंह तारा के निर्देश पर हुआ।
खेल विभाग उधमपुर के अधिकारी रमेश चंद्र मिश्रा की देखरेख में जेडपीईओ ज्योति रानी तथा उनकी टीम ने अलग-अलग मुकाबले करवाए। पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता के पहले दिन मंगलवार को खेल मुकाबलों का उद्घाटन प्रिंसिपल हायर सेकेंडरी स्कूल सरदार आंचल सिंह ने किया। इसमें 31 अलग-अलग स्कूलों के करीब 510 विद्यार्थियों ने कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज और क्रिकेट में हिस्सा लेकर दमखम दिखाया और अपने स्कूल का नाम भी रोशन किया।
कबड्डी में अंडर-17 आयु वर्ग में नेशनल पब्लिक हाई स्कूल की टीम ने फाइनल मुकाबला जीता, जबकि अंडर-14 में गवर्नमेंट हाई स्कूल नगुलता ने फाइनल मुकाबले जीत दर्ज की। वहीं, शतरंज प्रतियोगिता में अंडर-17 की टीम में विकास भारद्वाज विजेता घोषित हुए तो अंडर-14 में आकाश ने प्रतियोगिता जीती । बैडमिंटन अंडर-17 प्रतियोगिता में हायर सेकेंडरी स्कूल चिनैनी विजयी रहा, तो अंडर-14 में मिडिल स्कूल नोती ने जीत हासिल की। वहीं, क्रिकेट के ट्रायल भी हुए जिसमें जिला स्तर के लिए एक टीम का गठन हुआ।