उधमपुर। नगर के सुभाष स्टेडियम के इंडोर हॉल में चल रही जिला स्तरीय इंटर जोनल प्रतियोगिता में शनिवार को लड़कियों के अंडर-14 व अंडर-17 वर्ग के मुकाबले खेले गए। इनमें प्रतिभागियों ने बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम में हाथ आजमाए।
मौके पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल जम्मू-कश्मीर के उप निदेशक जितेंद्र मिश्रा मुख्य अतिथि थे। उनके साथ जिला खेल अधिकारी स्वर्ण सिंह और जेडपीईओ जिब पूनम शर्मा भी मुख्य रूप से उपस्थित थीं। सभी प्रतिभागियों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यातिथि ने उन्हें शारीरिक और मानसिक तैयारी के साथ सभी खेल गतिविधियों में भाग लेकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक तरीके से उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने पानी बचाओ, प्लास्टिक को ना कहो, ड्रग्स को ना कहो, बिजली बचाओ, स्वच्छ भारत हरित भारत, फिट भारत और कौशल के बारे में मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंडर-14 कैरम मुकाबले में टिकरी जोन की विशाली विजेता रहीं। जबकि, अंडर-17 मुकाबले में जोन उधमपुर की नीलम ने बाजी मारी। अंडर-14 के युगल मुकाबले में जोन पंचैरी की मीनाक्षी देवी व प्रियंका देवी और अंडर-17 मुकाबले में उधमपुर जोन की प्रियंका व आरती विजेता रहीं।
वहीं, शतरंज के अंडर-14 मुकाबले में रामनगर जोन की तनू विजेता रहीं। जबकि, अंडर-17 मुकाबले में टिकरी जोन की स्नेहा ने जीत हासिल की। इसके अलावा टेबल टेनिस के अंडर-17 मुकाबले में उधमपुर जोन की विनाक्षी ने बाजी मारी। उधर, बैडमिंटन के अंडर-14 मुकाबले में रामनगर जोन की तानिया विजेता और अंडर-14 युगल मुकाबले में रामनगर जोन की दीपिका व संदर्भी विजेता रहीं। जबकि, बैडमिंटन के अंडर-17 मुकाबले में रामनगर जोन की रायसा खजूरिया और अंडर-17 युगल मुकाबले में रामनगर जोन की मुस्कान व तनीषा ने जीत हासिल की।