उधमपुर। इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब की तरफ से सुभाष स्टेडियम में आयोजित न्यू ईयर वैश कप में रविवार को दो मुकाबले खेले गए, जिनमें एसीसी और आरसीसी की टीमों ने शानदार जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। सोमवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे।
पहला मुकाबला एसीसी व चक क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। चक की टीम ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और पूरी टीम 18 ओवर में 100 रन बनाकर ढेर हो गई। नासिर ने सबसे अधिक 21 रन की पारी खेली, जबकि शुभम ने 12 रन बनाए। वही एसीसी की तरफ से राजदेव ने चार ओवर में दस रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं एसीसी ने 101 रन के लक्ष्य को दो विकेट के नुकसान पर 12 ओवर में हासिल कर शानदार जीत हासिल की। राजदेव ने 21 और अशांक ने 22 रन की पारी खेल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। राजदेव को शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए मैन आफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला आरएसीसी और करलाह क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। आरसीसी ने टास जीत कर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 18 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। अंकुश ने सबसे अधिक 63 रन बनाए। वहीं करलाह की तरफ से अमजद भट ने तीन विकेट हासिल किए। वहीं 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कलराह की पूरी टीम 107 रन पर ढेर हो गई। आरसीसी की तरफ से अंकुश, पवित्र सिंह और अमित ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी व गेंदबाजी के लिए अंकुश को मैन आफ द मैच चुना गया।
हिंदुस्तान क्लब ने रियासी को हरा जीता क्रिकेट फाइनल मैच
रियासी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली गई स्वर्गीय रविंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए फाइनल मैच में हिंदुस्तान क्लब ने रियासी क्लब को 20 रन से हराकर ट्राफी व नकद पुरस्कार पर कब्जा किया।
एचसीसी ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। बल्लेबाज संजय के सर्वाधिक 47 रन बनाए। वहीं मुदस्सर ने 30 व अनिल ने 15 रन का योगदान दिया। एचसीसी को 28 रन अतिरिक्त के रूप में मिले। रियासी के गेंदबाज जगमोहन ने तीन, नदीम भटट ने दो व आसीम ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रियासी क्लब की शुरूआत काफी अच्छी रही। बल्लेबाज नदीम भट्ट ने 28 व राहुल ने 38 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाज जगमोहन ने भी 35 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन रियासी के बल्लेबाज एचसीसी की सधी गेंदबाजी के आगे जीत के लिए जरूरी रन रेट को बनाए रखने में कामयाब नहीं रहे। 20 ओवरों की समाप्ति पर पांच विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना जा सके।
एचसीसी के गेंदबाज अजय ने दो, मुदससर व आर्यन ने एक-एक विकेट लिया। मुदस्सर को मैन आफ द मैच तथा नदीम भट्ट को मैन आफ द सिरीज दिया गया। स्वर्गीय रविंदर सिंह के पिता सेवानिवृत्त बीडीओ सुदर्शन सिंह ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्राफी व नकद पुरस्कार दिए।