उधमपुर। जिला अस्पताल में हर रोज सैकड़ों लोग कोरोना टेस्ट के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन इस दौरान सामाजिक दूरी का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। लोग टेस्टिंग के लिए भीड़ लगा कर खड़े हो रहे हैं। इससे कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इनको लाइनों में लगवाने को लेकर न तो कोई स्वास्थ्य कर्मचारी नजर आ रहा है और न ही पुलिस कर्मी तैनात किए जा रहे हैं।
जिले में कोरोना संकट बढ़ने के साथ ही टेस्टिंग का काम भी तेज कर दिया गया है। जिला अस्पताल में ही रोजाना 500 से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। सुबह से ही लोग कोरोना टेस्ट करवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल में इनके पहुंचने पर बैठने और लाइन लगाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
इनको जहां पर भी कोई स्थान मिल रहा है, वह वहीं खड़े हो हैं और जब टेस्टिंग के लिए जा रहे हैं, तो कतार में लगने पर कोई भी सामाजिक दूरी का ख्याल नहीं रख रहा है। सभी एक दूसरे के साथ खड़े हो रहे हैं। इन्हीं में से कई लोग संक्रमित भी निकल रहे हैं। संक्रमित के साथ अगर कोई खड़ा होगा तो वह भी संक्रमित हो सकता है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिला अस्पताल में हर रोज भीड़ लग रही है और भीड़ लगने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग किसी तरह के कदम नहीं उठा रहा है। एक भी पुलिस कर्मी इन लोगों का रोकने के लिए नियुक्त नहीं किया है।