किश्तवाड़। द्राबशाला तहसली के अपर कांदनी में गोशाला ढहने से 22 भेड़-बकरियों की मौत हो गई है। यह हादसा शुक्रवार रात दस बजे का है जब पस्सी की चपेट में आने से गौशाला ढह गई। इस कारण दो परिवारों को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार जिले की द्राबशाला तहसील के अपर कांदनी में गत रात्रि पस्सी गिरने से एक गोशाला ढह गईं, जिस कारण उसमें मौजूद 22 भेड़-बकरियाें की मौत हो गई और आधा दर्जन घायल हुई हैं। जिले में यह दूसरा हादसा है। कुछ दिन पहले छात्रू तहसील के सिंहपुरा में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही द्राबशाला के नायब तहसीलदार अहसान जरगर, थाना प्रभारी निसार अहमद और बीडीसी अध्यक्ष सूरज प्रकाश पशुपालन विभाग की चिकित्सकीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान घायल मवेशियों का इलाज किया और रिपोर्ट बना कर जिला प्रशासन को भेज दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की गुहार लगाई है।