चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में जारी विंटर कार्निवल के दौरान हुए सीजन के दूसरे हिमपात से पर्यटक गदगद हो गए हैं। रविवार रात से ही बर्फबारी के बीच पर्यटकों ने अठखेलियां करना शुरू कर दी थीं, जो सोमवार को भी जारी रहीं। उधर, बर्फबारी होने से कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
कुद, पटनीटॉप, नत्थाटॉप, चिनैनी, सुद्धमहादेव, मानतलाई, लाटी व अन्य स्थानों पर फिर जाता हिमपात हुआ जिससे क्षेत्र में बर्फीली हवाओं के चलने का दौर दिनभर जारी रहा और पूरी वादियां सफेद चादर में लिपटी नजर आ रही हैं। सैलानियों के मुंह से सिर्फ यही निकल रहा था कि बस स्वर्ग है तो यहीं है। हालांकि चिनैनी से पटनीटाप की और जा रहे कई सैलानियों को कुद से आगे जाने की इजाजत नही मिली और उन्होनें कुद में ही गिरी करीब नौ इंच बर्फ पर खूब मौज मस्ती की। सोमवार को भी दिनभर मौसम बिगड़ा रहा और कई स्थानों पर बारिश व बर्फबारी जारी रही। गौरतलब है कि चिनैनी में पिछले बर्ष भी हिमपात हुआ था, लेकिन इतना नहीं। इस बार दिसंबर के आखिरी सप्ताह में हुए हिमपात से पूरा क्षेत्र सफेद चादर में लिपट गया है। पटनीटाप में हुए हिमपात से जहां पर नए साल का जश्न मनाने के लिए पहुंचने वालों की संख्या में भी भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है।