भाजपा की सुशासन रैली के दौरान उधमपुर के विकास की कई राहें खोली गई। उधमपुर के लिए नए प्रोजेक्ट की घोषणा की गई। घोषणाओं में कुछ पुराने प्रोजेक्ट में चल रहे काम भी शामिल हैं।
घोषणाओं में उधमपुर में रेडियो स्टेशन और रोजगार के लिए स्किल डेवलपमेंट इंस्टीच्यूट खोलना सबसे महत्वपूर्ण रही। राज्य का यह पहला जिला होगा, जहां रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए स्किल डेवलेपमेंट प्रशिक्षण संस्थान खोला जाएगा।
भाजपा मंत्रियों के अनुसार प्रशिक्षण संस्थान बट्टलवालियां इलाके में खुलेगा। इसे मंजूरी दे दी गई है। रैली में डॉ. जतिंद्र सिंह के अलावा उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, समाज कल्याण विभाग मंत्री बाली भगत, राज्य मंत्री सुनील शर्मा, चिनैनी विधायक दीनानाथ भगत, रामनगर विधायक आरएस पठानिया, जिला प्रधान राकेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता सोम राज खजूरिया आदि भी मौजूद थे।
रैली के बाद उपमुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न इलाकों से कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना। इस सुशासन रैली से कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। पार्टी की घोषणाओं से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद की नई किरण देखने को मिली।