कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में आठ फरवरी को हुई 76वीं बोर्ड बैठक के निर्णयों पर त्वरित अमल शुरू कर दिया है। बोर्ड ने तीर्थयात्रियों की सुविधाओं, क्षेत्रीय विकास और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने बुधवार को कटड़ा में खेल क्षेत्र के प्रतिनिधियों और होटल व रेस्टोरेंट एसोसिएशन के हितधारकों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य कटड़ा के आसपास पर्यटन को बढ़ावा देना और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है।
खेल विकास पर चर्चा: जेकेएससी के पूर्व संयुक्त सचिव शिव कुमार शर्मा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने खेल प्रतिभाओं को तराशने पर चर्चा की। बैठक में स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक व्यापक रणनीति और कोचिंग सहायता के रोडमैप पर विचार किया गया। युवाओं की समस्याओं को समझने के लिए जल्द ही युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
पर्यटन को नया आयाम
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश वज़ीर के साथ हुई बैठक में कटड़ा के आसपास के धार्मिक स्थलों को विकसित करने की रणनीति बनी। इसका लक्ष्य तीर्थयात्रियों को क्षेत्र में अधिक समय तक ठहराना और सूचना प्रणाली को बेहतर बनाना है। बैठक में प्राचीन तीर्थयात्रा मार्गों के पुनरुद्धार पर भी विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने कहा कि बोर्ड इन पहलों के जरिए स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा करने और सतत पर्यटन विकास के लिए प्रतिबद्ध है।