उधमपुर। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से जारी बंद के आदेश धरातल पर प्रभावी होते नहीं दिख रहे हैं। सोमवार को कई क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर दुकानों के शटर खुले रहे जिससे सख्ती ताले में कैद हो गई। बेखौफ व्यापारिक गतिविधियां जारी रहीं।
प्रशासन ने सार्वजनिक हित और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्देश जारी किए थे कि सोमवार को सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे ताकि अव्यवस्था न फैले और शहर में अनुशासित माहौल बना रहे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी गाज गिरेगी। इसके बावजूद मुख्य बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक में हालात कुछ अलग ही थे। कई स्थानों पर दुकानदारों ने न केवल दुकानें खोलीं बल्कि प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए आधा शटर खोलकर कारोबार किया। गुपचुप तरीके से सामान बेचने के काम ने व्यापारियों के बीच रोष पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों और नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों का कहना है कि जब आदेश सभी के लिए समान हैं तो कुछ चुनिंदा लोगों को छूट कैसे मिल रही है? ऐसी अवहेलना से दुकानें बंद रखने वालों में रोष है।
प्रशासन अब नियम तोड़ने वालों को गंभीरता से लेगा। विभाग की ओर से साफ कर दिया गया है कि सख्ती केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले दिनों में उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जहां से लगातार उल्लंघन की जानकारी मिल रही हैं।
सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में नियमों की रूपरेखा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
-एनी वैद, सहायक श्रम आयुक्त।