फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मरम्मत न होने पर दुकानदारों ने बंद किया राजमार्ग

Tue, 28 Mar 2017 12:13 AM IST
ब्यूरो/उधमपुर
विज्ञापन
ध्‍ारना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर के दोमेल इलाके में बदहाल राजमार्ग की हालत सुधारने और बंद पड़ा शौचालय का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग को लेकर दुकानदारों ने करीब आधा घंटा राजमार्ग को बंद करके नगर परिषद व ग्रेफ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई।
विज्ञापन


दोपहर करीब तीन बजे दुकानदारों ने अचानक राजमार्ग को बंद करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के शुरू होते ही राजमार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलते ही एसएचओ उधमपुर जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान धर्मवीर, अजय सिंह, मोहम्मद रफीक व अन्य दुकानदारों ने बताया कि नगर परिषद की लापरवाही के कारण करीब 25 वर्ष से दोमेल में शौचालय का निर्माण कार्य अधर में लटका है।

कई बार नगर परिषद से मांग की कि शैचालय का निर्माण कार्य पूरा किया जाए। हर बार जल्द कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हुआ। अमरनाथ यात्रा के दौरान शौचालय की सुविधा न होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा बदहाल राजमार्ग ने भी परेशानियों को बढ़ाने का काम किया है। दोमेल इलाके में राजमार्ग के कुछ हिस्से ऐसे हैं, जहां राजमार्ग पूरी तरह से बदहाल हो चुका है।
विज्ञापन


जब समस्या ज्यादा बढ़ जाती है तो औपचारिकता पूरी करने के लिए मिट्टी से गड्ढों को भर दिया जाता है और फिर कई महीनों तक इसकी कोई सुध नहीं लेता है। बारिश के दौरान राजमार्ग पर छोटे तालाब बन जाते हैं और फिर परेशानियां पैदा होती हैं। इसका सबसे बड़ा कारण बारिश के पानी की निकासी के लिए राजमार्ग के किनारे पर नाली का निर्माण न करना है। ग्रेफ ने राजमार्ग तो बना दिया है, लेकिन इसकी सुध नहीं ली है।

अगर जल्द इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो प्रदर्शन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे। एसएचओ संजीव गुप्ता ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह संबंधित विभाग के अधिकारियों तक बात पहुंचाएंगे। जिसके बाद दुकानदारों ने प्रदर्शन बंद किया। करीब आधा घंटा बाद राजमार्ग खुलने पर वाहन चालकों व यात्रियों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें