भद्रवाह। आईसीडीएस परियोजना की तरफ से लाभार्थियों के लिए ऑनलाइन शिक्षा सह मार्गदर्शन सत्र का संचालन शुरू किया गया। बुधवार को एडीसी राकेश कुमार और जिला कार्यक्रम अधिकारी शाहिदा परवीन ने इसका उद्घाटन किया।
सीडीपीओ मोहित भारती ने कहा कि कोविड-19 के कारण लगभग दो वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित कामकाज ठप हो गया है। ऑनलाइन कक्षाओं एवं सत्रों का लाभ छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा किशोर लड़कियों को मिलेगा। इनके मुख्य सत्रों में भाषा, संस्कृति, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य मार्गदर्शन, सामान्य ज्ञान, आदि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि यह लोगों को अपने छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित करने के लिए प्रेरित करेगा। जिससे वह अपने दरवाजे पर उपलब्ध पूर्व स्कूली शिक्षा और स्वास्थ्य स्वच्छता मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे। आईसीडीएस लाभार्थियों के लिए संचालित यह कार्यक्रम प्रदेश में शुरू की गई पहली और अनोखी पहल में से एक है।