रियासी। जम्मू-कश्मीर ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने शुक्रवार को रोष रैली निकाली। मिनी सचिवालय में महिलाओं ने नारेबाजी करने के बाद डीसी ऑफिस तक पैदल मार्च किया। उनका आरोप है कि अधिकारी उनके साथ भेदभाव रवैया अपना रहे हैं।
कई महीने से उन्हें न तो सामान उपलब्ध करवाया जा रहा है और न ही बने सामान को बाजार में बेचने के लिए स्थान उपलब्ध करवाया जा रहा है। अगर कोई महिला समस्या बताती है तो उसके साथ बदतमीजी की जाती है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल क्लस्टर हेड अनिता शर्मा और दीक्षा शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त निधि मलिक से मिला और उन्हें अपनी दिक्कतों से अवगत करवाया। डीसी ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच करवाएंगी। बता दें कि जिले में 36 सौ सेल्फ हेल्प ग्रुप हैं, जिसमें 34 हजार के करीब महिलाएं काम करती हैं।