- जम्मू-कश्मीर बैंक के चेयरमैन, मुख्यमंत्री व उपराजपाल से की मांग, मामले में हस्तक्षेप करें
-दूसरी बार वेतन खाते से काटी गई ईएमआई की राशि वापस देने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। श्राइन बोर्ड कर्मचारी यूनियन कटड़ा (एसबीईयूके) के महासचिव पुरुषोत्तम सिंह ने जम्मू-कश्मीर के सरकारी कर्मचारियों के साथ श्राइन बोर्ड के कर्मियों के वेतन खातों से तीन मई को दोहरी ईएमआई कटौती पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण और अस्वीकार्य करार दिया है।
महासचिव का कहना है कि इससे श्रमिक वर्ग में व्यापक संकट पैदा हो गया है। इस अप्रत्याशित और अस्पष्ट कटौती ने पहले से ही घरेलू बजट को प्रबंधित करने के लिए संघर्ष कर रहे कर्मचारियों पर अनुचित बोझ डाल दिया है। उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों जिन्होंने जम्मू-कश्मीर बैंक से कर्ज लिया है उनके वेतन खाते से हर महीने के अंतिम दिन ईएमआई की कटौती होती है। इस बार बैंक ने दो दिन के बाद फिर से यानि तीन मई को किस्त की कटौती कर दी। उन्होंने, बैंक के चेयरमैन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और उपराजपाल से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप करें और इसमें सुधार किया जाए।
उन्होंने कहा कि वह अतिरिक्त किस्त वापस देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग करते हैं। यूनियन ने प्रदेश सरकार और उच्च अधिकारियों से कर्मचारी अधिकारों की रक्षा करने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। संगठन स्थिति की निगरानी करना और कर्मचारी हितों की रक्षा करना जारी रखेगा। उन्हें उम्मीद है कि बैंक और वित्त विभाग इस मुद्दे को हल करने और प्रभावित कर्मचारियों को राहत प्रदान करने के लिए त्वरित कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर बैंक दोहरी किस्त की कटौती को वापस नहीं करता है तो कर्मचारी जम्मू-कश्मीर बैंक से अपना वेतन खाता अन्य बैंक में शिफ्ट कर देंगे।