बढ़ी हुई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में जिले के स्वर्णकार दुकानें बंद रखकर विरोध जता रहे हैं। मंगलवार को स्वर्णकारों ने बैठक कर आगे की रणनीति भी बनाई। इस दौरान फैसला किया कि स्वर्णकार 17 मार्च को दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल होंगे।
स्वर्णकारों द्वारा शहर भर में दुकानों को बंद रखकर एक्साइज ड्यूटि का विरोध जताया जा रहा है। पर स्वर्णकार संघ के सदस्यों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया बजट व्यापारी वर्ग के लिए खुशियों की जगह टैक्स का बोझ लेकर आया है।
सरकार द्वारा सोने के आभूषणों पर जरूरत से अधिक टैक्स लगाकर स्वर्णकारों पर आर्थिक दबाव डाला गया है। इसी विषय को लेकर राष्ट्रीय स्वर्णकार संघ द्वारा 17 मार्च को दिल्ली में बैठक का आयोजन किया गया है।
उधमपुर से भी बड़ी संख्या में स्वर्णकार बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचेंगे। बजट के मुताबिक स्वर्णकारों को लोकल मेड आभूषणों पर एक प्रतिशत व ब्रांड आभूषणों पर 12.5 प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी चुकानी पड़ेगी, जो बहुत ज्यादा है। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार पहले ही महंगाई की वजह से मंदी की मार झेल रहे हैं। इस अवसर पर विकास वर्मा, रमेश कुमार, संजय, आदि स्वर्णकार उपस्थित थे।