रियासी। सलाल पावर स्टेशन में अस्थायी तौर पर काम करने वाले कर्मचारियों ने वीरवार को डैम साइट ध्यानगढ़ में काम बंद रखते हुए धरना दिया। चिनाब वैली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट वर्किंग यूनियन के बैनर तले सलाल पावर स्टेशन यूनिट ज्योतिपुरम के सदस्यों ने धरना दिया।
इस दौरान कहा गया कि लगभग चार सौ अस्थायी कर्मियों को स्थायी नहीं किया जा रहा है। बीते वर्ष अक्तूबर में उन्हें स्थायी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन छह महीने के बाद भी मांग पूरी नहीं हुई है। ज्योतिपुरम में बने जिन क्वार्टरों में वह रह रहे हैं, उन्हें बने पचास वर्षों से भी ज्यादा समय हो गया है। क्वार्टर खस्ताहाल स्थिति में हैं, जिनका किराया भी बहुत ज्यादा है, वहीं बिजली का किराया आठ रुपए प्रति यूनिट है। धरना पर बैठे कर्मियों ने कहा कि उनके बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में दाखिला भी नहीं मिलता है। प्रधान राज सिंह और राकेश कोतवाल ने बताया कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान सभी कर्मियों ने एक साथ मिल कर नारेबाजी भी की। संवाद