कटड़ा। धर्मनगरी में रोपवे परियोजना रद्द करवाने को लेकर संघर्ष समिति उपायुक्त से मंगलवार को बात करेगी। 18 दिसंबर को हुए समिति के धरना-प्रदर्शन के बाद डीसी निधि मलिक ने पांच दिन का समय मांगा था। सोमवार को पांच दिन पूरे होने पर श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के सदस्यों ने शालीमार बाग में बैठ की।
बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, दुकानदार, घोड़ा, पिठ्ठू और पालकी वालों ने निर्णय लिया कि 24 दिसंबर को उपायुक्त कोई हल न निकाल पाईं तो 25 दिसंबर से 72 घंटे के लिए भवन मार्ग पर कार्य करने वालों सहित अन्य लोग हड़ताल कर प्रदर्शन करेंगे। समिति के चेयरमैन बली राम राणा, मजदूर नेता भूपेंद्र सिंह, सोहन अंतयाल, करण सिंह, सोनू ठाकुर, प्रभात सिंह, बरुण मगोत्रा, रमन सिंह, पूर्व वार्ड मेंबर राजेश सदोत्रा, पूर्व बोर्ड मेंबर रवि नाग, भानु प्रताप, पन्नी सदोत्रा और संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा व मजदूर मौजूद रहे।
समिति को मिल रहा लोगों का समर्थन
धर्मनगरी में श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति को हर दिन आसपास के ग्रामीण इलाकों सहित संस्थाओं के लोगों का समर्थन मिल रहा है। इसमें भागा, अघार जित्तों, रियासी, पैंथल, चड़याई मुत्ल, संधरानी, कक्डयाल, सूल, सिड़ा कोटला, जम्मू की राजपूत सभा, बार एसोसिएशन सहित कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी शामिल हैं।