उधमपुर। सरकार ने तहसील पंचैरी व मौंगरी में नए संपर्क मार्ग बनाकर लोगों को सुविधा तो दे दी है, लेकिन परिवहन का इंतजाम नहीं किया गया है। तहसील के अप्पर कुलटयार में आठ किलोमीटर, दमनोत परंठ खलाड़ में 14 किलोमीटर, पंचैरी-जनोरी में सात किलोमीटर, खौरगली-रदनोत में 14 किलोमीटर सड़क बनाई गई है। अब लोगों की मांग है कि इन गांवों के लिए सरकारी बस सेवा भी शुरू की जाए। बस सुविधा न होने से पांच हजार की आबादी को या तो पैदल सफर करना पड़ रहा है या फिर निजी वाहनों से इधर-उधर जाते हैं।
सामान कंधे पर रख घर तक पहुंचाते हैं लोग
खौरगली-रदनोत, अपर कुल्टियार, पंचैरी-जनोरी व दमनोत परंठ-खलाड़ के लोग यात्री वाहन की सुविधा न होने के चलते बीमार को पालकी से अस्पताल पहुंचाते हैं। इसके आलावा कोई भी सामान लाना हो तो उसे कंधे पर लाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन व संबंधित विभाग से बस सुविधा के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं। समाधान न मिल पाने से लोग परेशान हैं।
...........
हम प्रशासन व संबंधित विभाग से यात्री वाहन लगाने के लिए लगातार संपर्क में हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही इन क्षेत्रों में यात्री वाहन चल पड़ेंगे। इससे लोगों को आ रही समस्या से निजात मिलेगी।
जसवीर सिंह, डीडीसी-पंचैरी-मोंगरी