- स्कूटी सवार साथी घायल, ट्रक पलटने से पंजाब के होशियारपुर का सह चालक गंभीर
उधमपुर। जिला मुख्यालय के पास दो हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को जम्मू रेफर किया है। वीरवार देर रात जगानू मोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने के कारण स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए। उन्हें लोगों की मदद से जीएमसी में भर्ती कराया गया। मगर एक युवक की पहले ही मौत हो गई थी। घायल की गंभीर हालत होने पर उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
मृतक पहचान दीपक कुमार (26) पुत्र बिटटू कुमार निवासी रोंदोमेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक की तीन माह पहले शादी हुई थी और मजदूरी करके परिवार का गुजर बसर कर रहा था। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के हवाले कर दिया है। घायल की पहचान राखी (27) निवासी रोंदोमेल के रूप में हुई है।
वहीं शुक्रवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित देवल पुल के पास केबल के रोल लेकर श्रीनगर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस कारण रोल हाईवे की दूसरी ट्यूब पर बिखर गए और सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैफिक व सिटी पुलिस की टीम ने मौके पर घायल को जीएमसी पहुंचाया। इसके बाद क्रेन से रोल को हटाने के साथ ट्रक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घायल की पहचान बंटी (26) पुत्र हरदेव सिंह निवासी बलबल (होशियारपुर, पंजाब) के रूप में हुई है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।