कसबे के स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले कई दिनों से खेली जा रही रामसिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच रियासी क्रिकेट क्लब ने जीत लिया।
टीम के खिलाड़ियों ने सिंह क्रिकेट क्लब को 19 रनों शिकस्त दी। मुख्य अतिथि जिला विकास आयुक्त ने विजेता टीम को दस हजार और उप विजेता को पांच हजार इनाम दिया। फाइनल मैच में रियासी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए।
कमलजीत ने 48, शिवम गुप्ता ने 40 और अंकुश शर्मा ने 19 रन बनाए। सिंह क्लब के रछपाल ने तीन और जगमोहन ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिंह क्रिकेट कल्ब बीस ओवरों के खेल में आठ विकेट के नुकसान पर 138 रन पर ही ढेर हो गई। इस टीम के सचिन ने 38 और राकेश ने 10 रन बनाए।
वहीं, रियासी क्लब के गेंदबाज अंकुश शर्मा ने चार विकेट चटकाए। उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। शुभम और नदीम भट्ट ने भी दो-दो विकेट लिए।