-दस लाख की लागत से होगा निर्माण, लोगों को मिलेगी राहत
रामनगर। कस्बे के वार्ड नंबर आठ स्थित एससी कम्युनिटी हाल में इमारत की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डंगा (रिटेनिंग वॉल) तथा किचन शेड निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब दस लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होने जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व नाले के पास एससी कम्युनिटी हाल का निर्माण किया गया था, लेकिन इमारत के चारों ओर सुरक्षा के लिए डंगे नहीं लगाए गए थे। नाले के समीप होने के कारण भवन की नींव को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती थी। इसके अलावा शादी-विवाह तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान किचन शेड न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। भोजन बनाने और परोसने की व्यवस्था अस्थायी तौर पर करनी पड़ती थी, जिससे आयोजन प्रभावित होते थे।
वार्डवासियों तथा पूर्व पार्षद काका राही ने इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका और स्थानीय विधायक के समक्ष मांग उठाई थी। स्थानीय विधायक सुनील भारद्वाज ने मामले का संज्ञान लेते हुए दस लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई, जिसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
पूर्व पार्षद काका राही ने कहा कि यह कम्युनिटी हॉल वार्ड के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। डंगा बनने से भवन सुरक्षित रहेगा और किचन शेड बनने से शादी तथा अन्य समारोहों में लोगों को सुविधा मिलेगी। हम विधायक का आभार प्रकट करते हैं कि उन्होंने जनता की मांग को प्राथमिकता दी। कार्य शुरू होने से वार्डवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।