रामनगर। पंचायत बाड़ी की रहने वाली अंजलि ठाकुर ने मेहनत और लगन के दम पर किस में कितना है दम कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता मोहाली (पंजाब) में हुई जहां अंजलि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
अंजलि भारतीय विद्या मंदिर हाई स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। उन्होंने प्रतियोगिता के सभी चरणों में बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया और निर्णायकों को प्रभावित करते हुए अंतिम चरण में बाजी मारी। उनकी उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
सफलता के पीछे उनके पिता बलबीर सिंह का विशेष योगदान रहा जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। परिवार के सहयोग और शिक्षकों के समर्थन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और गणमान्यों ने अंजलि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अंजलि की सफलता इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अंजलि ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए काफी मेहनत की थी और हमेशा सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। माता-पिता खासकर पिता का हर कदम पर पूरा सहयोग मिला। शिक्षकों ने भी प्रोत्साहित किया। आगे भी इसी तरह मेहनत कर क्षेत्र व परिवार का नाम रोशन करूंगी।