प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले उधमपुर पुलिस लाइन से भी जवानों की एक कंपनी रामबन जिले में सुरक्षा के लिए रवाना की गई है।
पुलिस कर्मियों को सुरक्षा के दौरान विशेष पहचान पत्र दिए गए हैं, जिसे प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पहनना जरूरी है। नगर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सेना और पुलिस ने हाईवे पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार रात से ही श्रीनगर और जम्मू के बीच ट्रैफिक बाधित रहेगी। उधमपुर और बटोत में पुलिस के विशेष नाके लगाए गए हैं।
किसी भी गाड़ी को श्रीनगर के लिए रवाना नहीं किया जाएगा। बगलिहार में पनबिजली परियोजना और रामबन उधमपुर फोर लेन के उद्घाटन कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद ही रामबन और बनिहाल तक गाड़ियां जा सकेंगी।
शुक्रवार से सुरक्षा और कड़ी जाएगी। सीआरपीएफ की रोड ओपनिंग टीम को भी सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षा बलों के लिए अगले दो दिन चुनौती भरे रहेंगे। उधमपुर में भी उत्तरी कमान हेडक्वार्टर के आसपास सुरक्षा बलों को मुस्तैद किया गया है।
होटलों में सतर्कता के आदेश
पहाड़ी क्षेत्रों में सभी होटल और ढाबे वालों को भी सतर्कता बरतने के आदेश दिए। खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है। नरसू में अगस्त महीने में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों को राउंड द क्लॉक सुरक्षा रखने के लिए कहा गया है।
हालांकि बटोत से डोडा, भद्रवाह, किश्तवाड़ के लिए गाड़ियां जाएंगी। उधमपुर के जखैनी नाके को कड़ा कर दिया है। हर गाड़ी की जांच की जा रही हैपुलिस के साथ सेना ने भी अपने कार्यालयों व क्वार्टरों में सुरक्षा बढ़ा दी है।