उधमपुर। भारत रत्न डॉ. भीम राव आंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभा, जागरूकता कार्यक्रम और रैलियां हुईं। आंबेडकर चौक जखैनी में मुख्य समारोह हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और एक समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। लंगर का आयोजन भी किया गया।
इससे पूर्व शहर में भव्य बाइक रैली निकाली गई जिसमें युवाओं और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली को श्री गुरु रविदास चौक से उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार ने रवाना किया। यह रैली गुरु रविदास चौक से प्रारंभ होकर मेटाडोर स्टैंड, गोल मार्किट, मुखर्जी बाजार, रामनगर चौक, कोर्ट रोड, सलाथिया चौक, धार रोड और दोमेल चौक से होती हुई आंबेडकर चौक, जखैनी में जाकर संपन्न हुई। डीआईजी शिव कुमार ने सभी नागरिकों को आंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से शिक्षा के महत्व को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। बाड़यां में कांग्रेस कार्यालय, लौंडना में बाल आश्रम से भीम आर्मी, स्याल सल्लन और आसपास के इलाकों में भी कार्यक्रम करवाए गए।