संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बीते पांच दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रोजाना सुबह और रात के समय हल्की बारिश हो रही है। कहीं लोग गर्मी से छुटकारा मिलने से राहत में हैं तो कहीं नदी- नालों का जलस्तर बढ़ने और सड़कों व गलियों में जलभराव होने से लोग आफत में नजर आ रहे हैं।
शहर के नजदीक लैड़ी गांव की रौन दोमेल से बट्टल-बालियां सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर भी काफी मात्रा में पानी भर गया है। सड़क तालाब के रूप में तब्दील हो गई है। इससे इस सड़क से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसी तरह ब्लाॅक नरसू में धनीधार नाले के बीच से बनाई सड़क नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण आवाजाही के लिए कठिन हो गई है।
इससे वाहनों के लिए हादसों का खतरा पैदा हो गया है जबकि राहगीरों को नाले के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा जिला के अन्य कई ग्रामीण इलाकों में भी इस तरह की समस्याओं से लोग दो-चार हो रहे हैं। खासकर कच्ची सड़कों पर कीचढ़ और फिसलन ने सामान्य आवाजाही को कठिन बना दिया है।
शहर में भी कई जगहों पर सीवरेज के काम के लिए उखाड़ी गई सड़कों व गलियों की अभी तक मरम्मत नहीं की गई है और अब इनमें बने गड्ढे भी पानी से लबालब भरकर सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर रहें हैं। तापमान में फिलहाल कोई खास गिरावट नहीं हैं और दिन के समय गर्मी और उमस परेशान कर रही है लेकिन सुबह और शाम के समय सुहाने मौसम से राहत भी मिल रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात को हुई बारिश के बाद से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार रात को भी शहर के साथ जिला के ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश हुई। बुधवार सुबह की शुरूआत भी बारिश के साथ हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अभी दो दिन और इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया।