मौसम के बदले मिजाज के साथ वैष्णो माता के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की मुसीबतें बढ़ गईं। शुक्रवार की सुबह भवन सहित आधार शिविर कटड़ा में लगातार मूसलाधार बारिश हुई। देर शाम को भवन पर बर्फ के हलके फाहे गिरने की सूचना भी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक रात को अच्छी बर्फबारी होने की संभावना बनी थी।
मूसलाधार बारिश से श्रद्धालुआें को ऊपर-जाने में दिक्कतें होने लगी। खरा मौसम के कारण चॉपर सेवा भी दिन भर ठप रहा। आन लाइन बुकिंग करवा चुके यात्री दोपहर बाद टिकटें कैंसल करवा कर पैदल ही चढ़ाई शुरू कर चुके थे। श्रद्धालु भी होटलों में ठहरना ही पसंद कर रहे थे। जो आगे बढ़ रहे थे, वह रेलकोट के सहारे। इस बीच इस सीजन में भवन पर बारिश के साथ पहली बर्फबारी हुई। इससे लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार सुबह से ही त्रिकुटा पहाड़ियों सहित भवन और पहाड़ों पर बादलों का डेरा रहा। दिल्ली से आए सुरेंद्र शर्मा, अनमोल शर्मा, विशाली, सुनीता आदि का कहना कि हम जब घर से चले थे तो हमने सोचा था कि पत्नीटाप में बर्फ देखने जरूर मिलेंगे, पर हमें मां के भवन पर हल हिमपात देखने का मजा मिल गया। वहीं सुबह पांच बजे से शुरू हुई बारिश दिनभर लगातार जारी रही। तथा दर्शनों के लिए आवाजाही करने वाले यात्री घंटों इंतजार करते रहे।
भवन मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए शेड भक्तों के लिए राहत भरे रहे। इस बीच पंजीयन कक्ष से मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार देर शाम तक 14 हजार के करीब यात्री भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। अभी पंजीकरण कक्ष बंद होने में काफी समय शेष था। मूसलाधार बारिश से धर्मनगरी के विभिन्न स्थानों और बस स्टैड और गलियों की हालत किसी तालाब जैसी नजर आ रही थी।