उधमपुर/पंचैरी। दुब्बीगली से बरियोत जाने वाले मार्ग की हालत सुधारने की मांग को लेकर मंगलवार को खोरगली इलाके में ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पूरी तरह से बदहाल हो चुका है और अब इस मार्ग पर वाहन चलाना किसी खतरे से खाली नहीं है। कई बार मांग करने के बाद भी संबंधित विभाग तारकोल डाल कर मार्ग की हालत को नहीं सुधार रहा है।
सुबह के समय ग्रामीणों ने प्रलात सिंह के नेतृत्व में पीएमजीएसवाई के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रलात सिंह ने कहा कि रखरखाव के अभाव में पूरा मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। बारिश के बाद पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है। इस मार्ग पर हर रोज कई यात्री वाहन चलते हैं और इनके अब किसी हादसे का शिकार होने की संभावना बनती जा रही है। सरकार की तरफ से तारकोल डालने के लिए राशि मंजूर की गई है, लेकिन अभी तक इसको लेकर किसी तरह का काम शुरू नहीं किया है।
तारकोल डालने का काम शुरू करना तो दूर विभाग की तरफ स गड्ढों को भर कर किसी तरह की राहत प्रदान नहीं की जा रही है। इस मार्ग पर हर रोज सैकड़ों वाहन चलते हैं और सभी लोग परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। इसकी हालत सुधारने की मांग को कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के सामने रखा है। अधिकारियों की तरफ से दौरे तो बहुत बार किए गए है, लेकिन आज तक इसकी मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया है।
ऐसा लग रहा है कि विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। हादसे के बाद ही शायद इसकी मरम्मत की तरफ ध्यान दिया जाएगा। अगर विभाग ने जल्द मार्ग की मरम्मत और तारकोल डालने का काम शुरू नहीं किया तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे।