रामनगर। रामनगर की कनाह पंचायत के वार्ड दो, तीन और चार के स्थानीय लोगों ने पंचायत की लंबित मांगों को लेकर मौन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पंचायत में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चुनावों के दौरान राजनेताओं द्वारा बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में कोई भी सुध नहीं लेता है। उनका कहना था कि उनकी पंचायत में चिकित्सा सुविधा के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तक नहीं है। सड़कों की हालत भी काफी खस्ता है। बिजली और पानी की सुविधा भी नाममात्र की है। इसलिए प्रशासन से उनकी मांग है कि उनकी पंचायत में जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं अन्यथा मजबूर होकर उग्र प्रदर्शन करना पडे़गा।