उधमपुर। मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस का नाला बंद होने के बाद सैन्य अस्पताल के धोबी घाट का पानी एमएच रोड पर पहुंच रहा है, जिससे लोगों परेशानी हो रही है। कई बार मांग करने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं करवाई जा रही है। इसी के विरोध में शिवसेना ने शनिवार दोपहर को एमएच इलाके में एमईएस के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द साफ कर लोगों को राहत प्रदान करने की मांग की।
दोपहर के समय शिवसेना के जिला प्रधान संजीत कुमार के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। संजीव कुमार ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से पूरा जिला कोरोना संकट से जूझ रहा है और एमएच इलाके में मिलिट्री अस्पताल का धोबी घाटी का दूषित पानी स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष से एमईएस का नाला बंद पड़ा है, जिस कारण दूषित पानी एमएच इलाके में सड़क पर बह रहा है। इससे स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण सड़क की भी हालत खराब हो चुकी है।
कुछ ऐसा ही वार्ड तीन में भी हो रहा है। दूषित पानी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मौजूदा समय में जिला प्रशासन विशेष तौर पर साफ सफाई की तरफ ध्यान देने की बात कर रहा है, लेकिन दूसरी तरफ बंद नालों से जब गंदगी व पानी सड़क पर पहुंच कर बीमारियों को न्योता दे रहा है। शिवसेना जिला प्रशासन और एमईएस से मांग करती है कि जल्द नालों को साफ कर लोगों को राहत प्रदान करें। अगर जल्द कदम नहीं उठाया गया तो प्रदर्शन तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।